खौफनाक: मोबाइल देखने के विवाद में 16 साल के छोटे भाई की हत्या, डंडे से सिर-पीठ पर वार कर बड़े भाई ने ली जान

धमतरी। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत फरसगांव में मोबाइल देखने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने डंडे से पीट-पीटकर अपने 16 वर्षीय छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कुंदन सोरी (16) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बड़ा भाई कैलाश सोरी (19) है। दोनों भाइयों ने अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। जिस मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ, वह छोटे भाई कुंदन का ही था।
मोबाइल दिखाने से मना करने पर हुआ विवाद
घटना की रात दोनों भाई खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठे हुए थे। इस दौरान कुंदन मोबाइल देख रहा था। तभी बड़े भाई कैलाश ने उससे कहा कि वह दिनभर मोबाइल देखता रहता है, इसलिए उसे भी दिखाए कि वह क्या देख रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।विवाद बढ़ने पर कैलाश ने डंडे से अपने छोटे भाई कुंदन पर हमला कर दिया। उसने कुंदन के सिर और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके माथे और पैर में भी गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण हत्यात्मक बताया है। एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच मोबाइल देखने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान कैलाश सोरी ने कुंदन के सिर पर लकड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया है।

