रायगढ़ में बच्चों से झाड़ू लगवाने का वीडियो वायरल, गणित का सवाल हल न होने पर टीचर ने 8 साल की बच्ची को पीटा,भड़के ग्रामीण

गरियाबंद। जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक स्थित ग्राम भेंडरी के सरकारी प्राइमरी स्कूल में गणित का सवाल हल नहीं कर पाने पर शिक्षक ने 8 साल की तीसरी कक्षा की छात्रा की बेरहमी से पिटाई कर दी। शिक्षक ने छात्रा के गाल और कान के पास कई थप्पड़ मारे, जिससे उसके चेहरे पर चोट के निशान आए हैं। मामले के तूल पकड़ने पर शिक्षक ने गुस्से में मारने की बात स्वीकार करते हुए माफी मांग ली है, वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। इधर, रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम अलोला के एक सरकारी स्कूल में भी बच्चों से परिसर में झाड़ू लगवाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वहां भी शिक्षा विभाग ने रिपोर्ट तलब की है।
गणित का सवाल हल न होने पर की पिटाई, जांच कमेटी गठित
भेंडरी प्राथमिक स्कूल में 7 अक्टूबर को तीसरी कक्षा की छात्रा सामान्य दिनों की तरह पढ़ने गई थी। कक्षा में शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने उसे गणित का एक सवाल हल करने के लिए दिया। छात्रा जब सवाल हल नहीं कर पाई, तो शिक्षक आक्रोशित हो गए और उसे थप्पड़ जड़ दिए। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से बच्ची बेहद डरी हुई है, वह रात में ठीक से सो नहीं पा रही है और उसने खाना-पीना भी कम कर दिया है। शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी का कहना है कि उन्होंने सवाल बार-बार समझाया था, लेकिन जब छात्रा नहीं समझ पाई तो गुस्से में आकर उन्होंने एक-दो थप्पड़ मार दिए।
उन्होंने अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांगी है। उल्लेखनीय है कि भागचंद चतुर्वेदी को 5 सितंबर 2022 को तत्कालीन राज्यपाल अनुसुइया उइके के हाथों राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान मिल चुका है। ग्रामीण श्यामगिरि गोस्वामी ने आरोप लगाया कि उक्त शिक्षक पहले भी बच्चों की पिटाई कर चुके हैं। वहीं पूर्व सरपंच थानेश साहू ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने तीन प्राचार्यों की एक जांच टीम गठित की है। जांच कमेटी को 3 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
रायगढ़ में स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते दिखे बच्चे, वीडियो वायरल
दूसरा मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम अलोला के आदिम जाति कल्याण शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का है। यहां 7 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे प्राथमिक स्तर के बच्चे पढ़ाई करने के बजाय क्लास रूम और स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते देखे गए। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
इस मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुखरुराम सिदार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है और तथ्यों का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने बताया कि वर्तमान में स्कूलों में स्वच्छता पखवाड़ा चल रहा है, जिसके तहत परिसर में सामूहिक साफ-सफाई की जाती है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मंगवाई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

