Chhattisgarh

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका: 17 साल के युवा भी भर सकेंगे फॉर्म-6, अब BLO खुद घर आकर करेंगे सर्वे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में छूटे हुए नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत पात्र लोगों का सत्यापन कर मतदाता सूची में नाम शामिल किया जाएगा। इस दौरान पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और 17 वर्ष से अधिक उम्र के युवा अग्रिम रूप से फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ना है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।

मतदान केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में लगेंगे विशेष शिविर

मतदाता पंजीकरण के लिए तय कार्यक्रम के अनुसार हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद शुक्रवार और शनिवार को स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में पंजीकरण अभियान चलेगा।शिक्षण संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से छात्र-छात्राओं को पंजीकरण प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि नए युवा मतदाता आसानी से अपना फॉर्म भर सकें।

बीएलओ करेंगे घर-घर सत्यापन, हटाए गए नामों की भी होगी जांच

अभियान के दौरान पूर्व में अलग-अलग वजहों से मतदाता सूची से हटाए गए नामों का भी दोबारा सत्यापन किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में पात्र मतदाताओं का सत्यापन करें, फॉर्म-6 भरवाएं और आवश्यक रिपोर्ट तैयार करें। प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची का विवरण राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा करेंगे, जिससे वास्तविक और पात्र नागरिकों के नाम जुड़ सकें।

ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन के साथ हेल्पलाइन सुविधा

नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध न होने की स्थिति में संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ को भौतिक रूप से फॉर्म-6 सौंपा जा सकता है। पंजीकरण प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ की सुविधा दी गई है। इसके अलावा नागरिक अधिक जानकारी अथवा सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

Show More
Back to top button