शक्कर की बोरी में छिपा था GPS ट्रैकर: लोकेशन फॉलो कर पुलिस ने रातों-रात दबोचा राशन चोर गिरोह, 5 गिरफ्तार

- पुसौर पुलिस की तरकीब आई काम: लगातार हो रही चोरियों के बाद शक्कर की बोरी में छिपाया गया था ट्रैकर
रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार चोरों और चोरी का राशन खरीदने वाले एक संचालक सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न राशन दुकानों से चोरी की गई 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर के साथ ही वारदात में प्रयुक्त क्रेटा और इनोवा कार जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 38.60 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में पत्थलगांव निवासी राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर, बलरामपुर निवासी समीर आलम, तथा जशपुर जिले के पत्थलगांव निवासी मोहम्मद हफीज, संतोष कुमार माहेश्वरी और डमरूधर खूंटे शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शक्कर की बोरी में छिपाया गया था जीपीएस ट्रैकर
पुसौर क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों के दौरान शासकीय राशन दुकानों से खाद्यान्न चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। नवापारा, कोडकेल, औरदा, बोंडा, बासनपाली और कोटमर्रा समेत कई गांवों में दुकानों के ताले तोड़कर चावल और शक्कर की बोरियां पार की जा रही थीं। घटनाओं के विश्लेषण से स्पष्ट हुआ कि चोर तेज रफ्तार वाहनों से रात में पहुंचते थे और वारदात कर तुरंत फरार हो जाते थे, जिससे एक संगठित गिरोह की मौजूदगी का अंदेशा हुआ।
चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने राशन दुकान संचालकों की बैठक ली थी। सीसीटीवी कैमरों का खर्च अधिक होने के कारण पुलिस ने दुकानदारों को कम लागत वाले जीपीएस ट्रैकर लगाने की सलाह दी थी। पूर्व की घटनाओं में चोरों द्वारा सबसे पहले शक्कर की बोरियां उठाने का पैटर्न सामने आया था, जिसे देखते हुए संचालकों ने एक शक्कर की बोरी के भीतर जीपीएस ट्रैकर छिपाकर रख दिया था।
सिग्नल का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंची पुलिस टीम
ग्राम कोतमरा की शासकीय राशन दुकान में 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात चोरी हुई, जहां से आरोपी अनजाने में जीपीएस ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी चुरा ले गए। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जीपीएस लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया। संकेत रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर मिलने पर घरघोड़ा थाना और रैरूमाखुर्द चौकी पुलिस को भी साथ लिया गया। संयुक्त टीम ने पीछा करते हुए पत्थलगांव में दबिश दी और सेवाल कुजूर के पास से ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी बरामद कर ली।
पूछताछ में सेवाल कुजूर ने बताया कि अन्य चार आरोपी चोरी का माल बेचने के लिए उसके पास छोड़कर गए थे। इसके बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास दबिश देकर बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के वाहनों में चोरी का चावल लदा हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने पुसौर क्षेत्र में तीन चोरियों की बात स्वीकार की है।
संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गईं, अन्य कड़ियों की जांच जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि राशन दुकानों में हो रही चोरियों का पर्दाफाश तकनीकी सूझबूझ और समन्वय से संभव हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित रूप से अपराध करने वालों और चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, जब्त 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर की कीमत 3.60 लाख रुपये और दोनों चारपहिया वाहनों की कीमत करीब 35 लाख रुपये है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार पत्थलगांव से सीतापुर तक सक्रिय अन्य संदिग्धों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसके आधार पर आगे की विवेचना जारी है।

