साली के चरित्र पर उठाई उंगली, तो शादी समारोह में लगा ली आग.. इलाज के दौरान मौत.. जीजा अरेस्ट

बिलासपुर। अपनी साली के चरित्र पर लांछन लगाकर विवाद करने और उसे आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ने वाली महिला के मृत्यु पूर्व बयान और साक्ष्यों के आधार पर मल्हार चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, भगवानपाली निवासी गीताराय की मौत के मामले में उसके जीजा विनेत जोगी को गिरफ्तार किया गया है। गीताराय ने वर्ष 2024 में अपनी मर्जी से सतीश कुमार राय से विवाह किया था। शादी के बाद 15 और 16 अप्रैल 2026 को वह अपने पति के साथ मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बरछा में अपने मामा कृष्ण बंजारे के घर आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं।
शादी समारोह में विवाद के बाद उपजा तनाव
कार्यक्रम के दौरान टिकारी निवासी जीजा विनेत जोगी ने कथित तौर पर गीताराय के चरित्र पर लांछन लगाते हुए विवाद खड़ा कर दिया था। इस विवाद के बाद से गीताराय अत्यधिक मानसिक तनाव में रहने लगी थीं। इसी तनाव के चलते 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे उन्होंने खुद को आग लगा ली।
आग से बुरी तरह झुलसने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मृत्यु पूर्व बयान और साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस धारा 108 में मामला दर्ज
जांच प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने मृतका के मृत्यु पूर्व कथन, अस्पताल के बेडहेड टिकट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयानों की पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने मृत्यु पूर्व बयान में शादी समारोह के दौरान जीजा द्वारा किए गए विवाद और उसी मानसिक प्रताड़ना के कारण खुद को आग लगाने की बात कही थी।
मृत्यु पूर्व कथन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विनेत जोगी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

