कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कुनकुनी में डिजिटल क्रॉप सर्वे का लिया जायजा, पारदर्शिता और सटीकता बरतने के निर्देश

रायगढ़। जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य को पूरी पारदर्शिता और सटीकता से पूरा कराने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने खरसिया अनुविभाग के ग्राम कुनकुनी का दौरा किया। उन्होंने किसान के खेत में पहुंचकर सर्वेयर द्वारा किए जा रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे का भौतिक सत्यापन किया और संबंधित खसरे के रकबे का मौके पर मौजूद वास्तविक स्थिति से मिलान किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सर्वे प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली और नियमों के अनुरूप त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में प्रत्येक खसरे में बोई गई फसल और उसके वास्तविक क्षेत्रफल का सही विवरण दर्ज होना चाहिए, जिससे आंकड़ों में किसी भी तरह की विसंगति न रहे।
खेतों में भौतिक सत्यापन और जियो-टैगिंग के निर्देश
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जोर देकर कहा कि सर्वेयर केवल कागजी खानापूर्ति न करें, बल्कि अनिवार्य रूप से किसानों के खेतों में पहुंचकर फसल का भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने सॉफ्टवेयर में फसल की वास्तविक तस्वीर अपलोड करने और जियो-टैगिंग सहित अन्य जरूरी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसे तय समय-सीमा के भीतर ही पूरा किया जाए।
राजस्व अधिकारियों को नियमित निगरानी और समीक्षा का जिम्मा
कलेक्टर ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सर्वे कार्य की नियमित निगरानी करें और ग्रामवार प्रगति की लगातार समीक्षा करें। इसके अलावा खसरों की जियो-रेफरेंसिंग, पॉलीगॉन निर्माण और सर्वे के आंकड़ों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जिन खसरों के नक्शे उपलब्ध नहीं हैं अथवा जिनकी जियो-रेफरेंसिंग नहीं हो सकी है, उनकी पहचान कर आवश्यक प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सर्वे का कार्य 90 प्रतिशत या उससे अधिक पूरा हो चुका है, वहां शेष कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय किए जाएं। सर्वे वास्तविक फसल की स्थिति पर आधारित होना चाहिए और किसी भी तरह की त्रुटि सामने आने पर उसे तुरंत सुधारा जाए। इस निरीक्षण के दौरान खरसिया एसडीएम प्रवीण भगत सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

