रायगढ़ को मिलेगी नई सड़क कनेक्टिविटी, मई 2027 तक तैयार होगा कैनाल लिंक रोड

- कैनाल लिंक रोड से शहर की कनेक्टिविटी होगी बेहतर, चांदनी चौक ब्रिज के नीचे बनेगा बॉक्स कल्वर्ट
- केलो नदी पर तीन स्टॉप डेम और बैराज का निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
- प्रगतिनगर सड़क का काम भी जून 2027 से पहले होगा पूरा, कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
रायगढ़। शहर में आंतरिक रिंगरोड परियोजना का निर्माण कार्य मई 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैनाल लिंक रोड, नालंदा परिसर के सामने केलो नदी पर बन रहे बैराज और प्रगतिनगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर ने कार्यों की वर्तमान प्रगति पर संतोष जताते हुए आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
कैनाल लिंक रोड से मरीन ड्राइव तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सबसे पहले कैनाल लिंक रोड के निर्माण कार्य की समीक्षा की और इसे मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया। इस मार्ग के तैयार होने से केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव और कबीर चौक तक सीधी सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी।
इस परियोजना के तहत चांदनी चौक ब्रिज के नीचे बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण किया जाना है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता का आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए समय रहते वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
केलो नदी पर बैराज और प्रगतिनगर सड़क का काम जून 2027 तक होगा पूरा
कलेक्टर ने नालंदा परिसर के सामने केलो नदी पर निर्माणाधीन बैराज का भी निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग की ओर से केलो नदी पर तीन स्टॉप डेम और बैराज का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे नदी में सालभर जल भराव बना रहेगा और जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी। इन सभी संरचनाओं को जून 2027 तक पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है।
इसके अलावा प्रगतिनगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का अवलोकन करते हुए उन्होंने जून 2027 से पहले काम खत्म कर मार्ग पर यातायात शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता नायक, सहायक अभियंता ऋषि कुमार राठौर सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं ठेकेदार मौजूद रहे।

